Udaipur, Rajasthan
Historical & Cultural Tours
उदयपुर
उदयपुर (झीलों की नगरी)
वेनिस ऑफ द ईस्ट नाम दिया गया है इस शहर को। झीलों की नगरी उदयपुर अरावली की पहाड़ियों से घिरा हुआ है। प्रसिद्ध लेक पैलेस पिछौला झील के मध्य में स्थित है जो कि उदयपुर के सबसे सुंदर स्थलों में से एक है। इसकी खूबसूरती दुनियां भर में मशहूर है। इस शहर की स्थापना 1553 ई. में महाराणा उदयसिंह द्वितीय ने की थी, जिसे मेवाड़ राज्य की राजधानी घोषित किया गया था। यह नागदा के दक्षिण पश्चिम की घुमावदार पहाड़ियों और गिर्वा घाटी में स्थित है। नीली झीलों, अरावली की पहाड़ियों और हरे भरे जंगलों से घिरा उदयपुर शहर एक वैभवपूर्ण पर्यटन स्थल है। यहाँ पिछोला झील के बीच, सीप में मोती की तरह नज़र आता है - लेक पैलेस, जो यहाँ के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक है। एशिया की दूसरी सबसे बड़ी, मानव निर्मित मीठे पानी की जयसमंद झील भी उदयपुर ज़िले में है। वैभवशाली सिटी पैलेस और सज्जनगढ़ पैलेस स्थापत्य कला के बेहतरीन नमूने हैं। उदयपुर में संगमरमर और जस्ते की भी खानें हैं।
उदयपुर पधारें और यहाँ के आकर्षणों में खो जाएं। राजस्थान में हमेशा कुछ नया देखने को मिलता है।